भवनाथपुर (गढ़वा) : राजकृत उच्च विद्यालय झगड़ाखांड में इन दिनों असमाजिक तत्वों द्वारा विद्या के मंदिर में शराबियों एवं जुआरियों का रात्रि में अड्डा हो गया है। शराबियों के द्वारा शराब पीने के बाद विद्यालय परिसर में ही बोतल को तोड़ कर फेंक दिया जा रहा है, इससे जहां अध्ययनरत बच्चों को फूटे कांच से कटने के डर है तो, वहीं बच्चों पर भी इसका दुष्प्रभाव पड़ेगा। बताते चलें कि लॉक डाउन लगने के बाद विद्यालय दस माह से बन्द पड़ा हुआ था। सरकार के आदेश के बाद विद्यालय खुला है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मिथलेश दुबे ने बताया कि इस तरह की घटना पूर्व में भी हुआ था, जिस पर स्थानिय थाने में शिकायत के बाद गश्ती दल बराबर आती रहती थी, जिसके डर से लोग नहीं आते थे।
परन्तु लॉक डाउन में वैसे लोगों ने विद्यालय को पूरी तरह से अड्डा बना दिया था। विद्यालय खुलने के बाद सफाई की गई थी। परन्तु सोमवार को विद्यालय खुलने के बाद टूटे अंग्रेजी शराब की बोतल परिसर में पड़ा मिला है। जबकि विद्यालय परिसर में एक भवन का निर्माण हो रहा है, जिसमें रात्रि प्रहरी रहता है। उसने बताया कि लोगों को नहीं पहचानते हैं, पर मना करने के बाद भी नहीं मानते हैं।