गढ़वा : जिले में शौचालय की टंकी में काम करने वाले सात मृतक मजदूरों के आश्रितों को चार - चार लाख रुपए मुआवजा प्रदन किया जाएगा। इसके लिए गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के प्रयास से झारखंड सरकार ने राशि स्वीकृत कर दिया है। मुआवजा राशि का वितरण शीघ्र ही मंत्री श्री ठाकुर मृतकों के आश्रितों के बीच करेंगे।
जानकारी देते हुए मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में शौचालय की टंकी में काम करने के दौरान सात मजदूरों की मौत हो गई थी। उनके प्रयास से सभी मजदूरों के लिए मुआवजा की राशि स्वीकृत कर दी गई है। वे पीड़ितों के घर जाकर मुआवजा राशि का वितरण करेंगे।
ज्ञात हो कि शौचालय की टंकी में काम करने के दौरान गढ़वा प्रखंड के कल्याणपुर ग्राम निवासी मो. इमामुद्दीन अंसारी, गुलाम रब्बानी तथा अमरेंद्र शर्मा व कांडी प्रखंड के डूमरसोता ग्राम निवासी प्रवीण मेहता, मिथिलेश मेहता, नागेंद्र मेहता व अनिल मेहता की मौत हो गई थी।
दोनों प्रखंड के मजदूर अलग-अलग टंकी में काम कर रहे थे।