गढ़वा : अखिल विश्व गायत्री परिवार गढ़वा शाखा द्वारा रविवार को स्थानीय ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में सिविल सर्जन डॉक्टर एनके रजक उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत सिविल सर्जन डॉ एनके रजक के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि डॉ रजक ने कहा कि गायत्री परिवार के द्वारा आयोजित यह रक्तदान शिविर एक सराहनीय कार्य है। रक्तदान की आज काफी जरूरत है। आज के युग में काफी बीमारियां हैं। इसमें थैलेसीमिया, ब्लड कैंसर जैसे बीमारियों में रक्त की कमी होती जाती है। गर्भवती माताओं को पोषण आहार कम मिलता है। इसके कारण भी रक्त कम हो जाता है। ऐसी स्थिति में ऑपरेशन कर बच्चे को जन्म कराया जाता है।
उस समय रक्तदान की आवश्यकता पड़ती है। उन्होंने कहा कि ऐसे में रक्त की काफी कमी होती है। आवश्यकता के हिसाब से ब्लड नहीं उपलब्ध हो पाता है। उन्होंने रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करते हुये कहा कि 65 वर्ष तक के उम्र के लोग स्वस्थ हैं, तो रक्तदान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से कोई बीमारी नहीं होती है। न ही कोई कमजोरी महसूस होती है। उन्होंने कहा कि 14 दिनों में ही रक्त पूरा हो जाता है। जो रक्तदान नहीं करते हैं, उनका रक्त शरीर में अधिक होने से वैसे भी नष्ट हो जाता है। इसलिये प्रत्येक लोगों को रक्तदान करना चाहिये।
इस मौके पर ब्लड बैंक प्रभारी डॉ वीरेंद्र कुमार ने कहा कि रक्त देने से शरीर को लाभ होता है। कई प्रकार की बीमारियां दूर होती हैं।
उन्होंने गायत्री परिवार के इस आयोजन की प्रशंसा की।
इस दौरान गायत्री परिवार के जिला समन्वयक विनोद पाठक ने कहा कि आज के दिन गायत्री परिवार द्वारा पूरे झारखंड प्रदेश में इस रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। उनका संगठन आगे भी इस प्रकार का आयोजन करेगा।
धन्यवादज्ञापन दिलीप तिवारी ने किया। रक्तदान शिविर सफल बनाने में गायत्री परिवार के संतन मिश्र, मिथिलेश कुशवाहा, महेंद्र कुमार पासवान, अखिलेश कुशवाहा, अनिल विश्वकर्मा, प्रभुदयाल प्रजापति, रंजीत केसरी, डॉ सुनील विश्वकर्मा, ममता तिवारी, ब्लड बैंक के रूपदेव सिंह, प्रदीप कुमार, दयानंद ठाकुर आदि ने सक्रिय भूमिका निभायी। रक्तदान में बंगलोर से समाजसेवी कृत्यानंद श्रीवास्तव ने प्रेरक की भूमिका निभायी।
धीरज पुरी ने 25 वीं बार रक्तदान किया
रक्तदान में अनमोल पांडेय ने पहली बार रक्तदान किया। वहीं धीरज कुमार पुरी ने 25 वां रक्तदान किया। इसके अलावे रक्तदान करनेवालों में आलोक मिश्रा, महेंद्र कुमार पासवान, दिलीप तिवारी, प्रियरंजन तिवारी, प्रशांत मिश्रा, रंजय कुमार, बरडीहा के डॉ राम नरेश प्रसाद, कमलेश प्रसाद, नगरउंटारी के अजीत चौबे आदि के नाम शामिल है।