भवनाथपुर : प्रखंड अंतर्गत मकरी पंचायत के बगही टोला में रामनाथ राम के खेत में मनरेगा योजना से हो रहे 4.96 लाख की लागत से निर्माणाधीन डोभा में रात्रि के अंधेरे में जेसीबी से डोभा खुदाई किये जाने का मामला प्रकाश में आया है।
योजना स्थल पर प्रतिनिधि को सूचना मिलने पर जाकर देखा तो पाया कि जेसीबी मशीन का प्रयोग किया गया है, वहीं स्थानीय लोगों ने भी कहा कि रात्रि में मशीन लगा था, पर किसका मशीन लगाया गया था, उन्हें पता नहीं। इसकी शिकायत के बाद खुद पंचायत सेवक राजेन्द्र राम योजनास्थल पर जाकर देखा तो मामला को सही पाया। उन्होंने कहा कि साफ तौर पर लाभुकों को निर्देशित किया गया है कि मशीन नहीं लगानी है इसके बावजूद मशीन का प्रयोग किया गया।
उन्होंने उक्त योजना को बंद करने की बात कही।
जबकि रोजगार सेवक वरुण कुमार ने कहा कि उक्त योजना में 51हजार 216 रुपये की कुल निकासी अभी तक की गई है। उन्होंने भी मशीन लगने की बात स्वीकारते हुए योजना को बंद करने की बात कही।
जबकि लाभुक रामनाथ राम कहते हैं कि मशीन लगने की बात हमें पता नहीं है कि हमारी योजना में मशीन चली है, क्योंकि रात्रि में हम सोये हुए थे।