श्री बंशीधर नगर : थाना पुलिस ने अवैध रूप से महुआ शराब बनाने व बेचने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इस संबंध में थाना प्रभारी लाल बिहारी प्रसाद ने बताया कि जंगीपुर ग्राम के धांगर डीहा टोला में अवैध रूप से महुआ शराब बनाने व बेचे जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के लिए थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ उक्त स्थान पर पहुंचकर निर्मल उरांव व मुन्ना उरांव के घर में छापेमारी किया।
छापेमारी के दौरान निर्मल उरांव के घर से 10 लीटर महुआ शराब जब्त किया गया तथा 42 किलो जावा महुआ को नष्ट कर दिया गया। वहीं मुन्ना उरांव के घर में छापामारी करने पर 12 लीटर महुआ शराब जब्त किया गया तथा लगभग 45 किलो जावा महुआ को नष्ट किया गया।
उन्होंने बताया कि अवैध महुआ शराब के विक्रेता निर्मल उरांव व मुन्ना उरांव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी के साथ प्रशिक्षु दरोगा संजय राज मुंडा, सुनील कुमार दास व पुलिस बल के जवान शामिल थे।