भवनाथपुर (गढ़वा) : मंडल ईकाई के तत्वाधान में प्रखंड कार्यसमिति की बैठक मंडल अध्यक्ष सोनाकिशोर यादव की अध्यक्षता में सोमवार को विधायक आवास टाउनशिप में की गई। जिसमें आगामी 16 दिसंबर 2020 को वर्तमान झारखंड सरकार के जनविरोधी एवं गलत नीतियों के खिलाफ प्रखंड कार्यालय भवनाथपुर परिसर में एकदिवसीय धरना कार्यक्रम को सफल बनाने पर चर्चा की गई।
मंडल अध्यक्ष सोनाकिशोर यादव ने बताया कि वर्तमान सरकार की मंशा आम अवाम के लिए ठीक नहीं है। यही कारण है कि झारखंड में पंचायत चुनाव के साथ नगर निकाय का कार्यकाल समाप्त होने को है, परंतु अभी तक सरकार चिरनिद्रा में सोई है। साथ ही प्रदेश में बालूघटों की जटिल नीलामी प्रक्रिया के चलते आज आमलोग तिगुने दाम पर बालू खरीदने को विवश हैं।
दलालो की चांदी है। साथ ही इस वर्ष अभी तक सरकार के द्वारा किसानों से धान खरीद शुरू नहीं की गई है, जिसके कारण किसान अपनी जरूरत को पूरा करने हेतु अपनी उपज औने पौने दाम पर बेचने को विवश है। वहीं जनोपयोगी योजनाओं में भ्रष्टाचार के कारण योजनाओ का लाभ आम और जरूरतमंद लोगों को नहीं मिल पा रही है। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर भारतीय जनता पार्टी मंडल ईकाई भवनाथपुर के द्वारा एक दिवसीय धरना दिया जाएगा।
मौके पर जिला मंत्री मधुलता कुमारी, मनोज सिंह, मनोज पहाड़िया, विधायक प्रतिनिधि दयानंद सोनी, मंडल महामंत्री भानु गुप्ता, सुनील सिंह, उपाध्यक्ष विपिन चौबे, राकेश रवि, महेश पाल, ब्रजेश चौबे, सुनील पासवान, हलकन यादव, प्रदीप यादव, मुन्ना चौबे, उषा देवी, समोद ठाकुर, प्रदीप रजक सहित अन्य लोग उपस्थित थे।