बंशीधर नगर : वर्ष 2019-20 में निबंधित किसानों से धान खरीद में गड़बड़ी के मामले में अंचल अधिकारी सह प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अरुणिमा एक्का ने गोदाम प्रबंधक आलोक कुमार आशीष व पीओ कौशल कुमार के विरुद्ध थाने में मामला दर्ज कराया है।
सीओ सह प्रभारी एमओ अरुणिमा एक्का ने वित्तीय वर्ष 2019/20 में धान खरीद में गड़बड़ी के मामले में धान क्रय केंद्र के गोदाम प्रभारी आलोक कुमार आशीष एवं पीओ कौशल कुमार के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने डीएसओ से प्राप्त निर्देश के आलोक में आलोक व कौशल के खिलाफ निबंधित किसानों से धान खरीदने में बड़े पैमाने पर अनियमितता बरतने का थाने में मामला दर्ज कराया है।
पुलिस ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के आवेदन पर थाना कांड संख्या 442/20 धारा 467, 468, 406, 420 भादवि के तहत आलोक कुमार आशीष व कौशल कुमार के विरुद्ध मामला दर्ज कर अनुसंधान में जुट गई है।
बताते चलें कि पूर्व मंत्री रामचंद्र केशरी ने राज्य के खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री, उपायुक्त व अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देकर निबंधित किसानों से धान क्रय करने में बड़े पैमाने पर अनियमितता बरतने का आरोप गोदाम प्रबंधक आलोक कुमार आशीष व पीओ कौशल कुमार पर लगाते हुए मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग किया था। मंत्री के निर्देश पर सरकार के संयुक्त सचिव सतीश चंद्र चौधरी ने मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई करते हुए कृत कार्रवाई से अवगत कराने का निर्देश उपायुक्त गढ़वा को दिया था। उपायुक्त के द्वारा मामले की जांच श्री बंशीधर नगर के अनुमंडल पदाधिकारी से कराया गया, जिसमें बड़े पैमाने पर अनियमितता बरतने की पुष्टि हुई है।