भंडरिया : भंडरिया पीडब्ल्यूडी के डाकबंगला प्रांगण में कांग्रेस पार्टी के प्रखंड कमेटी द्वारा देश के कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के जन्म दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर भारत चीन सीमा पर हुए शहीद जवानों की दिवंगत आत्मा के लिए 2 मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में वैश्विक महामारी कोरोना के खिलाफ लोगों को जागरूक किया गया। इस मौके पर जागरूकता अभियान में लोगों के बीच चावल, साबुन और सैनिटाइजर का वितरण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कांग्रेस पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष प्रह्लाद तिवारी ने कहा कि आज पूरा देश कोरोना जैसे वैश्विक महामारी से देश जूझ रहा है , ऐसे में लोगों को इस बीमारी से पूरी तरह जागरूक रहने की आवश्यकता है।
लोग इससे बचें घर में रहें सोशल डिस्टेंस का पालन करें और मास्क लगा कर चलें। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी आम जनों की आवाज हैं, उनके समय से आज तक कांग्रेस पार्टी फलता फुलता रहा है। चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि आज भारत देश में कांग्रेस पार्टी की सरकार होती तो देश को इतना आर्थिक तंगी से नहीं जूझना पड़ता। देश की अर्थव्यवस्था चौपट होती जा रही है। भाजपा की सरकार में किसान गरीब लोग भूख से मर रहे हैं। कर्ज से डूबे किसान आत्महत्या कर रहे हैं। केंद्र की भाजपा सरकार से गरीब का भलाई होने वाला नहीं है। कार्यक्रम में निर्मल ठाकुर , सुनित कुमार मिंज, छोटनलाल टोप्पो, कामेश्वर सिंह महिंद्र राम, बहादुर माझी समेत काफी लोग उपस्थित थे।