कांडी : कांडी बाजार में कांग्रेसियों ने अपने कार्यालय पर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी का जन्मदिन मनाया। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उनके सिद्धांतों पर चलते हुए देश और पार्टी को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। इसके बाद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पार्टी ऑफिस में दिवंगत इंदिरा गांधी को नमन किया। वरिष्ठ कांंग्रेसी नेता सह प्रखंड अध्यक्ष झरी प्रसाद ने कहा कि वे महान राजनीतिज्ञ थी। अपनी कला-कौशल के कारण ही वे देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं। इस अवसर पर मौजूद कांग्रेसियों ने मोमबत्ती जलाकर इंदिरा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। कांग्रेसियों ने इंदिरा गांधी का जन्मदिन राष्ट्रीय एकता दिवस के तौर पर मनाया।
इस दौरान उक्त सभी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि आयरन लेडी के नाम से विख्यात इंदिरा गांधी की तारीफ विपक्ष भी करता था। वह केवल भारत ही नहीं, बल्कि विश्व भर की राजनीति में छाई रहती थीं। इस कारण सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कांग्रेस पार्टी को फिर से सत्ता में लाने के लिए काम करना चाहिए।