रमना (गढ़वा ) : ठेला झुग्गी झोपड़ी दुकानदार संघ के मांग पर प्रखण्ड प्रशासन ने पुरानी सब्जी बाजार में आवागमन बाधित न करते हुए सब्जी दुकान लगाने की अनुमति दे दी है।
इसके पूर्व प्रखंड कार्यालय के सभागार भवन में बीडीओ हुलास महतो, थाना प्रभारी रणविजय सिंह, प्रमुख मृत्युंजय कुमार सिंह, जिला परिषद सदस्य अरविंद कुमार तूफानी, विधायक प्रतिनिधि पंकज कुमार सिंह एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष बलजीत सोनी की उपस्थिति में आयोजित बैठक के दौरान पूर्व में लिए गए निर्णय को संशोधित करते हुये मुख्य सड़क को जाम से मुक्त रखने का फैसला बरकरार रखते हुए पुरानी सब्जी बाजार में दुकान लगाने की सहमति दे दी गई।
प्रखण्ड प्रशासन की ओर से पुरानी बाजार में दुकान लगाने की सशर्त अनुमति दिये जाने पर संघ के अध्यक्ष अनुज कुमार ने प्रखण्ड प्रशासन सहित जनप्रतिनिधियों को बधाई दी है।
उन्होंने बताया कि इस निर्णय से छोटे-छोटे दुकानदारों को अपना जीवन यापन करने में काफी सहूलियत होगी।
संघ के सचिव आनंद गुप्ता ने बताया की पुरानी सब्जी बाजार में दुकान की अनुमति दिया जाना स्वागत योग्य है। बताया कि मुख्य सड़क को जाम मुक्त रखते हुए इस निर्णय को अमल किया जायेगा।
मालूम हो कि संघ की ओर से बीडीओ हुलास महतो एवं थाना प्रभारी रणविजय सिंह को आवेदन देकर मुख्य सड़क को छोड़कर पुरानी बाजार में सब्जी दुकान लगाने की मांग की गयी थी।