कांडी : थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण करा रही कंपनी आरकेटीसी द्वारा पुल निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में कांडी के दो युवक गिरकर घायल हो गए। घटना बुधवार सुबह पांच बजे की है।
जानकारी के अनुसार कांडी के चतर्गुन पासवान का पुत्र मनीष कुमार व उसका एक रिश्तेदार सनोज कुमार ग्लैमर मोटरसाइकिल से कांडी से चटनियां जा रहे थे। अचानक सामने गड्ढा देखकर चालक ने ब्रेक लगाकर मोटरसाइकिल रोकना चाहा, किन्तु बीस फीट रगड़ाता हुआ मोटरसाइकिल दोनों युवकों के साथ गड्ढे में जा गिरा। स्थानीय लोगों द्वारा दोनों युवकों सहित मोटरसाइकिल को बाहर निकाला गया तथा 108 पर कॉल कर एंबुलेंस बुलाया गया जिससे युवकों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल मझिआंव ले जाया गया।

विदित हो कि कंपनी द्वारा लमारी कला गांव में पुल निर्माण के लिए लगभग 25 फीट गड्ढा खोदा गया है, किन्तु लापरवाही का आलम ऐसा है कि उक्त जगह पर कंपनी द्वारा न तो कोई बोर्ड लगाया गया है और न ही रिबन लगाया गया है। यदि उक्त गड्ढे में छड़ देकर कंक्रीट की ढ़लाई की गई होती तो दुर्घटना भयावह रुप ले लिया होता। ग्रामीणों ने कांपनी के कार्य प्रणाली पर रोष व्यक्त करते हुए प्रशासन से उचित कार्रवाई करने की मांग की है।