पूछताछ के लिए तीन लोग लिए गए हिरासत में
मृतक की पत्नी ने दर्ज कराई प्राथमिकी
गढ़वा : बड़े शहरों की भांति जिला मुख्यालय गढ़वा में भी जमीन के कारोबारियों की हत्या का सिलसिला शुरू हो गया है। कल रात्रि घटी कृष्णा चंद्रवंशी की हत्या के पीछे अब करीब करीब साफ हो चुका है कि जमीन कारोबार को लेकर चल रही वर्चस्व की लड़ाई में ही कृष्णा चंद्रवंशी की हत्या किया गया है। खबर है कि नगवा मोहल्ले के ही आसपास के इलाके में जमीन का एक कीमती प्लॉट है, जिसे लेकर मृतक कृष्णा चंद्रवंशी का कुछ विवाद जमीन के दूसरे कारोबारियों से चल रहा था। जमीन का दूसरा कारोबारी इसे लेकर कृष्णा को टारगेट किए हुए था। यहां तक की उसे धमकी भी मिली थी। इस पूरे घटनाक्रम में अब तक जो सूचना मिल रही है, उसके अनुसार कृष्णा के हत्या में मोहल्ले के ही लोगों का हाथ है।
मृतक की पत्नी ने जिन दो लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है उनमें दीनानाथ शर्मा तथा बिहारी विश्वकर्मा का नाम शामिल है। यह दोनों वहीं के रहने वाले हैं। लिहाजा कृष्णा की हत्या के पीछे जमीन कारोबार ही बड़ा कारण है। परिवारिक सूत्रों की माने तो कुछ दिन पूर्व इन लोगों के द्वारा मृतक के घर के आसपास के इलाके की रेकी भी किया गया था।
पुलिस इस मामले में पूरी तरह से गंभीर दिख रही है। खबर है कि इस मामले में अब तक तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया जा चुका है। पुलिस सख्ती से पूछताछ कर रही है।
जमीन कारोबारियों के बीच वर्चस्व की लड़ाई को लेकर हुई हत्या के इस घटना के बाद गढ़वा में फिर हत्या का जो दौर शुरु हुआ है, यदि इसे गंभीरता से नहीं लिया गया तो यह मामला आगे भी बढ़ सकता है।
जहां तक गढ़वा शहर की सुरक्षा को लेकर पुलिस की पेट्रोलिंग का सवाल है? यह अभी पूरी तरह से सवालों के घेरे में है। क्योंकि गढ़वा शहर में शाम 8:30 बजे यदि किसी की हत्या हो जाए और पुलिस को इसकी भनक भी नहीं लगे, तो कहीं ना कहीं गढ़वा पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़ा होता है। क्योंकि जिस इलाके में या घटना घटी है वह इलाका गढ़वा शहर का पूर्व से ही बदनाम इलाका रहा है।
ऐसे संवेदनशील इलाके में भी पुलिस का नजर नहीं रहना, पुलिस की शहर के सुरक्षा व्यवस्था के मामले में गंभीर नहीं होने इशारा कर रहा है। जहां तक इस घटना के बाद की स्थिति का प्रश्न है, शहर के लोग इस घटना से सहमे हुए हैं, क्योंकि जिस व्यक्ति कृष्णा चंद्रवंशी की हत्या हुई है, वह गढ़वा शहर का एक जाना पहचाना चेहरा रहा है। आज इस हत्या की घटना से शहर के लोग पूरी तरह से असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।