बीरबंधा में मनी धरती आबा की जयंती
गढ़वा : सरना समिति के तत्वावधान में गढ़वा प्रखंड के बीरबंधा पंचायत के टोड़ादाग गांव स्थित सरना स्थल पर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक प्रतिनिधि कंचन साहू ने भगवान बिरसा की तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया। मंत्री श्री ठाकुर द्वारा भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस के अवसर पर विधायक मद से सरना पूजा स्थल हेतु चबुतरा निर्माण का विधायक प्रतिनिधि ने नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। कार्यक्रम में उरांव समाज के मैट्रिक में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल देकर सम्मानित किया गया।
साथ ही झारखंड सरकार द्वारा सरना कोड दिये जाने पर सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि श्री साहू ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का उलगुलान एवं बलिदान अमर है। स्वतंत्रता संग्राम में बिरसा मुंडा ने सबसे बड़ा मुंडा विद्रोह कर इतिहास रच दिया था।
मौके पर रंका जिला परिषद सदस्य उमा देवी, झामुमो के गढ़वा प्रखंड अध्यक्ष फुजैल अहमद ने कहा कि बिरसा मुंडा काफी कम उम्र में जोरदार स्वतंत्रता आंदोलन कर भगवान के रूप में स्थापित हुए। उनके बलिदान को कभी भूलाया नहीं जा सकता है।
मौके पर उक्त सहित सरना समिति के अध्यक्ष विरेंद्र उरांव, सुरेंद्र तिवारी, अजय ठाकुर, समिति के सचिव राकेश उरांव आदि लोग उपस्थित थे।