गढ़वा : सदर थाना क्षेत्र के गुरदी गांव में आबिद अंसारी 30 वर्ष का शव पेड़ से झूलता हुआ पाया गया है। घटना बुधवार देर शाम की है।
जानकारी के अनुसार आबिद सुबह 10 बजे घर से सामान्य परिस्थिति में निकला था। शाम में उसके घर से पूरब 1 किलोमीटर दूर रास्ते में पेड़ से झूलता हुआ उसका शव कुछ लोगों ने देखा। इसके पश्चात उसके परिजनों को इसकी सूचना दी। बताया गया कि युवक के गर्दन में दुपट्टा का फंदा लगा था। उसका शव जमीन से करीब 15 फीट की उंचाई पर पेड़ से लटक रहा था। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर थाना ले आई। पुलिस ने गुरुवार को सदर अस्पताल में उसके शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
इधर, मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि किसी ने उसकी हत्या कर साक्ष्य छुपाने के लिए आत्महत्या का रुप दे दिया है। उन्होंने बताया कि युवक कुंआरा था। मृतक व उसके परिवार वालों की किसी से दुश्मनी भी नहीं है। उन्होंने बताया कि आबिद बेंगलुरु में प्राइवेट जॉब करता था। करीब चार माह पूर्व घर आया था। लॉकडाउन के कारण बेंगलुरु नहीं जा सका था। इन दिनों गांव में नया घर बना रहा था। बहरहाल, आबिद ने आत्महत्या किया या उसकी हत्या की गई है, इसकी खोजबीन में पुलिस जुट गई है।