गढ़वा : जायंट्स इंटरनेशनल के संस्थापक पद्मश्री नाना चुड़ासमा के जन्मदिन पर गुरुचार को जायंट्स क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्यों द्वारा पौधारोपण किया गया। पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन विद्या इंक्लेव परिसर में किया गया। इस अवसर पर फलदार एवं छायादार पेड़ों के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम की शुरूआत जायंट्स ग्रुप के अध्यक्ष मनोज केशरी आर द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पेड़ पौधे मनुष्य के अभिन्न मित्र है। इसलिए सभी को पेड़ लगाने का संकल्प लेना चाहिए। इससे हमारा पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तथा हमें शुद्ध हवा एवं वातावरण मिल सकेगा। विनोद कमलापुरी ने कहा कि अच्छी वर्षा का लोग लाभ उठाएं।
इस मौसम में पौधारोपण लाभदायक साबित हो सकता है। निवर्तमान अध्यक्ष एमपी केशरी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जायंट्स ग्रुप लगातार अभियान चला रहा है। इससे लोगों को इसका लाभ भी मिल रहा है। मौके पर मनोज केशरी एस, मनोज केशरी एच, रवि केशरी, नंद कुमार गुप्ता, दीपक तिवारी, अशोक केशरी, रविद्र जायसवाल, रितेश केशरी, मोहित केशरी, मयंक केशरी आदि उपस्थित थे।