श्री बंशीधर नगर : श्री बंशीधर नगर अनुमंडल में इस वर्ष धान विक्री के लिए अभी तक मात्र 3002 किसानों का ही निबंधन हुआ है। अनुमंडल के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों के द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी जयवर्धन कुमार को धान विक्री के लिए निबंधित किसानों की संख्या से संबंधित प्रतिवेदन सौंपा गया है। प्रखंड विकास पदाधिकारियों के द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी को सौंपे गए निबंधित किसानों की संख्या से संबंधित प्रतिवेदन के अनुसार श्री बंशीधर नगर प्रखंड में 845, भवनाथपुर प्रखंड में 372, बिशुनपुरा प्रखंड में 214, धुरकी प्रखंड में 265, केतार प्रखंड में 182, खरौंधी प्रखंड में 348, रमुना प्रखंड में 284 व सगमा प्रखंड में 492 कुल 3002 किसानों का नाम शामिल है।
अनुमंडल पदाधिकारी जयवर्धन कुमार के द्वारा उपरोक्त आंकड़े पर असंतोष प्रकट करते हुए निर्देश दिया गया कि सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी विशेष कैंप के माध्यम से अधिक से अधिक सुयोग्य किसानों का निबंधन कराना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही इस संबंध में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए सभी किसानों से अनुरोध करें कि वे धान बेचने हेतु अपना निबंधन कराने के लिए आवेदन पत्र प्रखंड या अंचल कार्यालय में यथाशीघ्र उपलब्ध करावें।