मेराल : मेराल थाना क्षेत्र के बंका गांव निवासी मंगलेश राम का 22 वर्षीय पुत्र सचिन कुमार हैदराबाद में इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर एक वर्ष बाद अपने 7 मित्रों के साथ किराये की बोलेरो वाहन बुक कर वापस अपने घर आ रहा था। सभी युवक गढ़वा जिला के ही थे।यात्रा के दौरान बीच में ही उड़ीसा के कटक जिले में सोमवार की सुबह विपरीत दिशा से आ रही ट्रक ने बोलेरो वाहन मे जोरदार टक्कर मार दिया। जिसमें सचिन कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई एवं अन्य लोग घायल हो गए। कटक जिला के स्थानीय प्रशासन द्वारा सभी घायलों का उपचार किया गया। घायल मजहर अंसारी ने सचिन के परिजनों को घटना की जानकारी दी।
जानकारी मिलते ही बंका गांव में मातम छा गया। मृतक के परिजन उड़ीसा के कटक जिला, पार्थिव शरीर को लेने के लिए सोमवार को ही रवाना हो गये थे। वे बुधवार को सुबह 9:00 बजे बंका अपने गांव पार्थिव शरीर लेकर पहुंचे। इसकी खबर मिलते ही काफी संख्या में लोग मृतक के घर पहुंच गये। परिजनों की चीत्कार से पूरा गांव गमगीन है। मृतक के पिता मंगलेश राम को अपने पुत्र के दोस्तों से जो घटना की जानकारी मिली, उसके अनुसार उन्होंने बताया की सचिन घर आने के क्रम में बोलेरो ड्राइवर को मोबाइल के सहारे अगले सीट पर बैठकर लोकेशन बता रहा था। आगे बैठे होने के कारण उसे गंभीर चोट लगी। उन्होंने कहा कि मेरे पुत्र की इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी हो कर कॉलेज में ही कंपनी में कैंपस सेलेक्शन हो गया था।
वह एक वर्ष बाद खुशी से अपने घर आ रहा था। घर में कुछ समय छुट्टी बिता कर जाने के बाद कंपनी में ड्यूटी ज्वाइन करना था। इस घटना की सूचना मिलने के बाद पंचायत के मुखिया हेमंत सिंह, समाजसेवी लाल सिंह सहित गांव के लोगों ने मृतक के परिजनों को दुःख की इस घडी़ मे सांत्वना दिया।