श्री बंशीधर नगर : जिले के डीडीसी सत्येंद्र नारायण उपाध्याय ने गुरुवार को प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विकास योजनाओं की समीक्षा की तथा कई आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
जानकारी के मुताबिक निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने प्रधानमंत्री आवास, मनरेगा एवं दीदी बाड़ी योजना की समीक्षा की। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने बीडीओ को शीघ्र ही निर्माण कार्य पूरा करने एवं 2020-21 के लाभुकों का रजिस्ट्रेशन कर ससमय प्रथम किस्त की राशि का भुगतान करने का निर्देश दिया।
मनरेगा की समीक्षा के दौरान उन्होंने बीपीओ को शत प्रतिशत मजदूरों को काम देने का निर्देश दिया। बिलासपुर एवं कोलझिकी पंचायत में विकास कार्यों की गति धीमी होने पर नाराजगी प्रकट करते हुये बीपीओ को कार्य में तेजी लाने एवं बीडीओ को नियमित कार्य का मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया।
दीदी बाड़ी योजना की समीक्षा के दौरान डीडीसी ने जेएसएलपीएस के बीपीओ को लक्ष्य के अनुसार एक सप्ताह के भीतर पंचायतों में कार्य शुरू करने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने हुलहुला खुर्द पंचायत के नरखोरिया कला में दो दीदी बाड़ी योजना का शुभारंभ फीता काटकर किया।
उन्होंने दीदियों को गुणवत्ता पूर्ण कार्य करने का निर्देश दिया। तत्पश्चात उन्होंने राजा पहाड़ी पर प्रस्तावित चिल्ड्रेन पार्क स्थल का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया तथा वहां मौजूद अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
निरीक्षण के क्रम में डीडीसी ने श्री बंशीधर नगर पंचायत क्षेत्र में साफ-सफाई कार्य का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सफाई कार्य पर संतोष प्रकट किया।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में साफ-सफाई सबसे महत्वपूर्ण है।
उस मौके पर एसडीओ जय वर्द्धन कुमार, बीडीओ अमित कुमार, बीपीओ रविशंकर सिंह, जेई राजीव कुमार, सिटी मैनेजर रवि कुमार, जेएसएलपीएस के बीपीएम अंजनी कुमार समेत कई लोग उपस्थित थे।