बंशीधर नगर : श्री बंशीधर नगर पंचायत में विभिन्न स्थानों पर लगाये गए सोलर लाइट में भारी अनियमितता बरती गई है। बजाज कम्पनी की जगह इग्नाइट कम्पनी का सोलर लाइट लगा है, जो फर्जी है। नगर पंचायत से लेकर जिला तक तीन बार सूचना मांगने के बाद आधा अधूरा सूचना उपलब्ध कराया गया है।
उक्त बातें भाजपा के वरिष्ठ नेता सह पूर्वमंत्री रामचन्द्र केशरी ने बुधवार को चेचरिया स्थित आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में कही। उन्होंने कहा कि विगत 10 अगस्त को प्रदेश के पेयजल व स्वच्छता मंत्री मिथलेश ठाकुर को तीन सूत्री मांग पत्र देकर जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग किया था, जिसे उन्होंने उपायुक्त गढ़वा को जांच कराकर कार्रवाई के लिए विगत 11 अगस्त को भेज दिया था।
उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी को तथा एसडीओ ने कार्यपालक दण्डाधिकारी को स्थल जांच का आदेश दिया था, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि श्री बंशीधर नगर पंचायत चुनाव में भाजपा ने विजया लक्ष्मी देवी को पार्टी द्वारा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव चिन्ह देकर उम्मीदवार बनाया था। एक - एक कार्यकर्ताओं ने तन, मन, धन लगाकर जिताया। लेकिन चुनाव जीतने के बाद से ही वे पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रही हैं। वार्ड पार्षदों के साथ भी अमर्यादित व्यवहार करते आ रही है।
उन्होंने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में महागठबंधन के उम्मीदवार को मदद किया, जबकि विधानसभा चुनाव में भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के पार्टी उम्मीदवार को मदद करने के बजाय निर्दलीय उम्मीदवार को खुलकर मदद किया।
उन्होंने कहा कि इस सम्बंध में कई पार्टी कार्यकर्ताओं व नेताओ ने प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री, व जिलाध्यक्ष को कार्रवाई के लिए लिखकर दिया है। जांच होने की बात सुनकर बिना बुलाये ही कार्यक्रम में शामिल होकर पार्टी पर विश्वास जताने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में पूर्ण रूप से अध्यक्ष व कार्यपालक पदाधिकारी की मिलीभगत से रोशनी के लिए चौक चौराहों पर सोलर लाइट लगाने के नाम पर घटिया लाइट मामूली कीमत का दिल्ली सेट लगाकर लगभग तीन लाख रुपये की राशि को निकालकर पचाने के प्रयास किया जा रहा है।
प्रेसवार्ता में अश्विनी कुमार, मथुरा पासवान, सोबराती खां, सलीम अंसारी, बूच्चू प्रसाद, प्रधान परसिंह नेताम, रमेश प्रसाद सहित अन्य उपस्थित थे।