श्री बंशीधर नगर (गढ़वा) :- अनुमंडल पदाधिकारी जयवर्धन कुमार ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में सभी अंचल अधिकारियों के साथ बैठक किया।
इसमें ऑनलाइन नामांतरण, संदेहास्पद जमाबंदी, अतिक्रमण, ई- राजस्व न्यायालय व सरकारी योजनाओं के लिए भूमि स्थानांतरण से संबंधित मामले की समीक्षा किया गया। इस दौरान पाया गया कि ऑनलाइन नामांतरण का सबसे अधिक 26 मामला रमुना अंचल में लंबित है। अन्य अंचलों में भी 30 दिन से अधिक कई मामले लंबित हैं। ऑनलाइन नामांतरण में आ रही कठिनाइयों के संबंध में अंचल अधिकारियों ने बताया। इस पर एसडीओ ने जिला स्तर पर डीसीएमयू या अपर समाहर्ता भूमि सुधार से पत्राचार कर ऑनलाइन नामांतरण में आ रही खामियों का निराकरण कर दो दिनों के अंदर नामांतरण के लंबित मामलों का निष्पादन करने का निर्देश दिया।
कहा कि राजस्व कर्मचारी के लॉगिंग में अधिकतम 7 से 10 दिन, अंचल निरीक्षक के लॉगिंग में अधिकतम 4 दिन तथा बीसवें दिन तक अंचल अधिकारी के अस्तर से मामले का निष्पादन हर हाल में करने, हल्का कर्मचारी का डिजिटल सिग्नेचर के एक्सपायरी डेट का जांच कराकर नया बनवाने, श्री बंशीधर नगर अंचल में बस स्टैंड, सब्जी बाजार, कल्याण विभाग का ग्रीन गोला व गोसांईंबाग स्टेडियम, कधवन पावर ग्रिड व कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की भूमि पर किए गए अतिक्रमण का अभिलेख खोल मामले का निष्पादन करने, कन्या मध्य विद्यालय की बाउंड्री वाल तोड़ भूमि पर अतिक्रमण करने का जांच कर कार्रवाई करने, दोहरा जमाबंदी का हल्कावार समीक्षा कर मामले का निष्पादन करने, सरकारी विभाग, कार्यालय या अन्य प्रतिष्ठान की भूमि पर किए गए अतिक्रमण का विशेष रूप से निष्पादन करने, वृक्षारोपण के लिए जंगल-झाड़ी व बंजर भूमि उपलब्ध कराने, ई- राजस्व न्यायालय कि लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने, ऑफलाइन मामलों को ऑनलाइन करने का निर्देश सभी अंचल अधिकारियों को दिया।
मौके पर श्री बंशीधर नगर अंचल के अंचल अधिकारी अरुणिमा एक्का, रमुना व विशुनपुरा अंचल के अंचल अधिकारी हुलास महतो, भवनाथपुर व केतार अंचल के अंचल अधिकारी संदीप अनुराग टोपनो, उपेंद्र कुमार आदि उपस्थित थे।