गढ़वा:-उपायुक्त राजेश कुमार पाठक ने आज समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन किया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी-अपनी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखते हुए समाधान की गुहार लगाई। इससे पूर्व कोरोना महामारी को देखते हुए सभी फरियादियों के हाथों को सैनिटाइज किया गया, तथा उक्त कार्यक्रम के दौरान सामाजिक दूरी का विशेष ख्याल रखा गया।
सर्वप्रथम जनता दरबार में ग्राम- चित्त विश्राम, नगर उंटारी निवासी धनंजय कुमार पांडेय ने उपायुक्त से चित्त विश्राम में चल रहे अवैध ईट भट्टे से ग्रामीणों को होने वाले नुकसान से उपायुक्त को अवगत कराया तथा इस पर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष वर्षा का अनुपात कम होने से हम सभी किसानों के सिंचाई का एकमात्र साधन नहर है, लेकिन ईट भट्टा द्वारा नहर के बीच से रास्ता बनाकर ईट एवं मिट्टी के ढुलाई करने के कारण नहर का पानी किसानों के खेत में नहीं पहुंच पाता जिससे हम लोगों की फसल पानी के बगैर सूख जा रही है, ऐसे में उन्होंने उपायुक्त से इस समस्या के समाधान की गुहार लगाई। इस पर उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी श्री बंशीधर नगर को यह पत्र अग्रसारित करते हुए उन्हें संपूर्ण वस्तुस्थिति की जांच कर 1 सप्ताह के अंदर प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया।

वहीं अगले फरियादी ग्राम- धुरकी निवासी मोबीन अंसारी ने उपायुक्त से धुरकी प्रखंड के केकरहवा तालाब की मरम्मती का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा कि केकरहवा तालाब की मरम्मती हो जाने से उस क्षेत्र में भूमि सिंचाई एवं मत्स्य पालन में सुविधा हो जाएगी, यह तालाब टूट-फूट एवं बारिश के चलते मिट्टी से भरा हुआ है। इसकी मरम्मती हो जाने से पशुओं को पीने के लिए पानी भी उपलब्ध होगा साथ ही खेती के लिए भी यह सुविधाजनक होगा ऐसे में उपायुक्त ने जिला भूमि संरक्षण विभाग को पत्र अग्रसारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। जनता दरबार में धुरुआ ग्राम, प्रखंड कांडी की समुंद्री देवी ने उपायुक्त से प्रधानमंत्री आवास मुहैया कराने को लेकर अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि मेरा पंजीयन वर्ष 2019- 20 के तहत किया गया है, मेरा हाउस सैंक्शन होने के बावजूद बैंक से संबंधित कुछ गलत प्रविष्टियों को लेकर मुझे राशि प्राप्त नहीं हो रही है।
उन्होंने उपायुक्त से उक्त मामले से जुड़ी समस्याओं से निजात दिलाने तथा आवास उपलब्ध कराने की गुहार लगाई।
जनता दरबार में इसके अलावा राशन कार्ड, जमीन विवाद, स्वास्थ्य विभाग, अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति, आवास योजनाओं से जुड़ी समस्याएं समेत अन्य से जुड़े मामलों से संबंधित 19 आवेदन आये जिन्हें उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को अग्रसारित करते हुए जल्द से जल्द उसका निष्पादन करने का निर्देश दिया।