श्री बंशीधर नगर (गढ़वा) : प्रखंड के अधौरा गांव स्थित ठाकुर दयाल देव मानिक राज इंटर महाविद्यालय के मैदान में श्री बंशीधर सेवा ट्रस्ट के तत्वाधान में गुरुवार को फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। जिले के पूर्व फुटबॉलर स्व मनोज सिंह, स्व प्रियरंजन कुमार, स्व मुकेश शर्मा व स्व मनोज पासवान की स्मृति में आयोजित टूर्नामेंट का उद्घाटन पूर्व फुटबॉलर नरेंद्र प्रताप देव, शिक्षक नेता कमलेश्वर पांडेय, सुरेंद्र प्रताप देव, राजेश्वर प्रताप देव व विनय प्रताप देव ने संयुक्त रूप से फीता काट, खिलाड़ियों से परिचय व बॉल को किक मारकर किया।
प्रतियोगिता के ओपनिंग मैच में हरिहरपुर की टीम ने जतरो बंजारी की टीम को 2- 0 से पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश किया।
हरिहरपुर की टीम की ओर से सुजीत कुमार तथा चंदन कुमार ने एक-एक गोल दागे। ओपनिंग मैच में रेफरी की भूमिका सुनील कुमार ने तथा साइड बाउंड्री की भूमिका संजय कुमार तथा दिलीप कुमार ने निभाया। कमलेश्वर पांडेय ने कहा कि खेल शारीरिक व मानसिक विकास के लिए जरूरी है। साथ में खेल डिसिप्लिन भी सिखाता है। छोटे स्तर पर ऐसे टूर्नामेंट के आयोजन से प्रतिभा निखर कर सामने आएगी। उन्होंने बंशीधर सेवा ट्रस्ट को इस आयोजन के लिए बधाई दिया। आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रणय देव ने बताया की आज भारत की स्थिति फुटबॉल क्षेत्र में उतनी अच्छी नहीं है। क्योंकि गांव स्तर पर फुटबॉल उतना लोकप्रिय नही है जितना क्रिकेट। लेकिन देश में प्रतिभा की कमी नहीं है।
क्रिकेट जैसी प्लेटफार्म नहीं मिलने के कारण प्रतिभा सामने नहीं आ पा रही है। ऐसे आयोजन से खिलाड़ियों का मनोबल बढे़गा।
मौके पर विनोद कुमार देव, धनंजय प्रताप देव, शिवकुमार राम, संजय प्रसाद, सुनील कुमार, कमांडो शर्मा, रवि शर्मा, शिवव्रत बैठा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।