सगमा : धुरकी थाना क्षेत्र के बीरबल गांव में बुधवार की सुबह शकील अंसारी नामक एक युवक ने शीशम के पेड़ में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार बीरबल गांव निवासी जाकिर अंसारी के 23 वर्षीय पुत्र शकील अंसारी ने अहले सुबह 4 बजे घर से निकला था। जो लौटकर घर नहीं पहुंचा। जिसका शव दक्षिण दिशा में स्थित मलिया नदी की ओर एवं घर से पांच सौ मीटर दूर शीशम के पेड़ से लटका हुआ पाया गया। सुबह में ग्रामीणों ने जब शौच के लिए नदी तरफ जाने लगे तो पेड़ में लटका हुआ शव देखा गया।
शव की पहचान शकील अंसारी के रूप में हुई, तो ग्रामीणों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी।
परिजनो ने घटनास्थल पहुंच कर देखा कि युवक पेड़ से लटका हुआ है। गांव में घटना की सूचना मिलते ही जंगल मे आग की तरह फैल गई। शव को देखने के लिए कोरोना काल में भी करीब हजारों की भीड़ उमड़ गई।
मौके पर लगी लोगों की भीड़
जिला परिषद सदस्य नंदगोपाल यादव, प्रमुख प्रतिनिधि अजय साह, उप मुखिया इसहाक अंसारी ने घटना की सूचना धुरकी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक युवक मंगलवार की शाम को ही राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से मजदूरी कर घर वापस लौटा था। परिजनों ने बताया कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।
स्थानीय लोगों के सहयोग शव को उतार कर अपने कब्जे में लेती पुलिस
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि बीरबल गांव में एक युवक का शव पेड़ पर लटका हुआ पाया गया है।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि परिजनों के द्वारा जानकारी दी गई कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।