बड़गड़ (गढ़वा) : नव युवक संघ बरकोल के तत्वाधान में आयोजित क्षेत्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता खिताबी जंग को कुम्हीकोना की टीम ने अपने नाम कर लिया। प्रखंड अंतर्गत टेहरी पंचायत के बरकोल खुर्द स्थित खुंटीटांड़ मैदान में बालक एवं बालिका वर्ग के बीच आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। बालिका वर्ग का फाइनल मैच कुम्हीकोना बनाम सेमरटोला के बीच खेला गया। जिसमें रोमांचक मुकाबले के बीच मध्यांतर के बाद के खेल के दौरान कुम्हीकोना टीम के खिलाड़ियों ने एक गोल मारकर खिताब को अपने नाम कर लिया। इसी तरह बालक वर्ग के फाइनल मैच में उतरी कुम्हीकोना व बरकोल खुर्द के खेल में कुम्हीकोना की टीम ने खेल के शुरूआती क्षण में ही पहला गोल दाग कर बढ़त बना ली।
खेल के निर्धारित समय की समाप्ति तक बरकोल खुर्द की टीम गोल मारने में असफल रही। जिस कारण बालक वर्ग के टूर्नामेंट का खिताब भी कुम्हीकोना टीम के नाम हो गया।
मंच पर उपस्थित मुख्य अतिथि सीआरपीएफ 172 बटालियन के सहायक कमांडेंट गीरधर सिंह व अन्य
टूर्नामेंट के दोनों वर्गों के फाइनल मुकाबले का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सीआरपीएफ 172 बटालियन के सहायक कमांडेंट गीरधर सिंह टेहरी पंचायत कि मुखिया प्रभा कुजूर, बड़गड़ पंचायत के मुखिया बालदेव टोप्पो के द्वारा संयुक्त रूप से खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर व गेंद को कीक मारकर किया गया ।
मैच समाप्ति के पश्चात पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
जिसमें दोनों ही वर्गों के विजेता एवं उप विजेता टीम को अतिथियों के द्वारा पुरस्कार के रूप में एक-एक खस्सी के साथ ट्रॉफी कप देकर सम्मानित किया गया।
बालिका वर्ग के खेल में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार कुम्हीकोना टीम की खिलाड़ी सोनामनी तिर्की को तथा मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार सेमरटोला टीम के प्रियंका लकड़ा को देकर सम्मानित किया गया।
इसी तरह बालक वर्ग के टूर्नामेंट में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार गोल्डेन मिंज को तथा मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार बरकोल खुर्द के रंजीत लकड़ा को देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के फाइनल मैच का संचालन रेफरशिप की भूमिका निभा रहे राहुल लकड़ा एवं उनके सहयोगियों के द्वारा किया गया।
वहीं उद्घोषक चंदन केरकेट्टा के द्वारा मैच का आनंद ले रहे दर्शकों का हिंदी एवं सादरी भाषा के माध्यम से भरपूर मनोरंजन कराया गया।
फुटबॉल प्रतियोगिता के आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्य अरूण लकड़ा, मंगलदास तिर्की, सुकेश टोप्पो, अमरदीप तिर्की, पितरूस कच्छप, धर्मेन्द्र बाखला, प्रदीप तिर्की, अन्तोनिस, अर्नल आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में वार्ड सदस्य सुषमा बाखला, समाजसेवी सियोन बाखला, फिलीप कुजूर, अरूण भगत, दीपक सोनी, मनिष कुमार आदि सहित काफी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे।