श्री बंशीधर नगर : थाना क्षेत्र के पाल्हे कला गांव निवासी मनोहर राम के 35 वर्षीय पुत्र पुरुषोत्तम राम की मौत रविवार की अहले सुबह विद्युत स्पर्शाघात से हो गई।
जानकारी के अनुसार पुरुषोत्तम पिछले कुछ वर्षों से अपना मकान बनाकर सपरिवार कधवन गांव में रहता था। वहीं दूसरे के खेत में बंटाई धान लगाया है। अहले सुबह धान की फसल का पटवन करने के लिए खेत गया था। सुबह 7,30 बजे तक घर नहीं आने पर, पत्नी खेत गई। खेत पर कुआं के पास पुरुषोत्तम बेसुध पड़ा था और हाथ पर बिजली का नंगा तार था। यह देख पत्नी रोने चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर लोग दौड़े और पुरुषोत्तम को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल लाए। यहां देखते ही चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
मौत के बाद परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है।
कयास लगाया जा रहा है कि पुरुषोत्तम मोटर का तार मेन लाईन में चढ़ाने के दरम्यान करंट की चपेट में आ गया और मौत हो गई। शव घर पहुंचते ही अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। दाह संस्कार बांकी नदी के तट पर किया गया। मृतक के सात पुत्री व एक पुत्र है, जिसमें एक लड़की की शादी हो चुकी है।