बड़गड़ (गढ़वा) : बड़गड़ ओपी क्षेत्र अन्तर्गत मुटकी ग्राम निवासी मनरेगा मजदूर मनोहर भुईहर उम्र (52) वर्ष कि मौत शनिवार कि अहले सुबह हो गई। सुचना पा कर बड़गड़ बीडीओ बिपिन कुमार भारती मृतक के घर पहुंचे व मृतक की पत्नी राजकली देवी को तत्काल पचास किलो चावल व निजी तौर पर पन्द्रह सौ रुपये नगद राशि प्रदान की। साथ ही साथ विधवा पेंशन तथा अम्बेडकर आवास का लाभ दिये जाने की बात कही।
मृतक की पत्नी को आर्थिक सहयोग देते बड़गड़ बीडीओ बिपिन कुमार भारती
उन्होंने कहा कि मृतक मनोहर भुईंहर मनरेगा का मजदूर था। इसलिये मनरेगा के प्रावधानों के तहत उनके परिजनों को 75000/- रुपये की राशि उपलब्ध कराई जायेगी। इसके अतिरिक्त समाजिक सुरक्षा के तहत भी लाभ उपलब्ध कराया जायेगा।
बताया गया कि मृतक मनोहर शुक्रवार को मुटकी गांव में ही मनरेगा के तहत बन रहे फुलमतिया के तालाब निर्माण कार्य में कार्य किया था। काम समाप्ति के पश्चात वह अपने घर लौटा तथा रात में भोजन कर के सो गया। शनिवार कि अहले सुबह करीब तीन बजे उसने बेचैनी महसुस की उसने यह बात अपनी पत्नी को बताई। परिजन ईलाज के लिए कहीं ले जाते उससे पहले ही मनोहर ने दम तोड़ दिया।

इस मौके पर बीपीओ संजय लकडा़, पंचायत सचिव अरविंद सिंह, मंदीप कुमार आदि उपस्थित थे।