भंडरिया : भंडरिया थाना क्षेत्र के चपलसी गांव में ग्रामीणों ने श्रमदान कर पांच सौ फीट सड़क को बना रहे हैं। इसकी जानकारी देते हुए श्रमदान कर रहे महेश यादव ने बताया कि सड़क खराब रहने के कारण लोगों को आवागमन में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था । छोटे-छोटे बच्चे इस बरसात के दिनों में स्कूल नहीं जा पा रहे थे। इस सड़क में कीचड़ भर गया है । खेत का पानी सड़क पर बहता रहता है। इस सड़क से गुजरने वाले लोग कीचड़ से लथपथ हो जाया करते थे। कई बार इस सड़क में दुर्घटना भी घटी है। सड़क खराब होने के कारण कई लोग मोटरसाइकिल से गिर चुके थे। सड़क को बनाने के लिए लोगों ने स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारियों को कई बार कहा, परंतु किसी ने अब तक इसकी सुधि नहीं ली।
लोगों ने थक हार कर श्रमदान कर सड़क बनाना शुरू कर दिया है।
इस सड़क को श्रमदान कर बना रहे लोगों में महेश यादव, प्रेम यादव, ईश्वर दयाल यादव, प्रमोद यादव, सहित दर्जनों लोग श्रमदान कर सड़क बनाने में जुट गए हैं।