कांडी : कांडी थाना क्षेत्र के 2 गांव में अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।पहली घटना में नवडीहवा टोला निवासी अरुण सिंह के 15 वर्षीय पुत्र सूरजभान सिंह के सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। प्राप्त सूचना के अनुसार उक्त युवक रात्रि 7:30 बजे मोटरसाइकिल से मझिआंव से अपने घर वापस आ रहा था। कशनप - खरसोता मुख्य सड़क स्थित कान्हा ढो़ंढा़,विश्वकर्मा टोला के समीप रकसही से तेज गति से आ रही जीप के साथ आमने-सामने की टक्कर हो गई। गंभीर रूप से जख्मी युवक को स्थानीय लोगों के सहयोग से रेफरल अस्पताल मझिआंव ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान ही युवक की मृत्यु हो गई। मोटरसाइकिल पर सवार एक और सहयात्री को भी गंभीर चोट आई है, लेकिन उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।
मृतक का अंतिम संस्कार कोयल नदी में सोमवार को कर दिया गया। मृतक के पिता की भी मृत्यु 2019 में ही सांप काटने से हुई थी। परिवार पर आए इस दोहरे संकट से मृतक के माता गंभीर सदमे में हैं।
दूसरी घटना के अनुसार अधौरा गांव निवासी कन्हाई राम के 39 वर्षीय पुत्र चंद्रमा राम की मृत्यु जहरीला जंतु के काटने से हो गई। मृतक रविवार को ही अपने भगिनी के विवाह में शामिल होने अपनी बहन के घर मझिआंव थाना के बिच्छी गांव गया था। रात्रि में छत पर सोने के दौरान उसे किसी जहरीले जंतु ने काट लिया। आनन-फानन में उसे मझगांव अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। गढ़वा अस्पताल के डॉक्टरों ने उक्त व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया।
यद्यपि मृतक के परिजन उसके जीवित होने की उम्मीद और अंधविश्वास मे पडे़ हुए हैं तथा विभिन्न जगहों पर झाड़-फूंक के लिए दौड़ लगा रहे हैं।