गढ़वा : गढ़वा जिला के सदर प्रखंड अंतर्गत कुंडी ग्राम में विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ झारखंड प्रांत के शारीरिक प्रशिक्षण प्रमुख कुणाल जी की उपस्थिति रही।
पंडित हर्ष द्विवेदी कला मंच की कला साधिका संध्या सुमन ने तलवारबाजी के प्रदर्शन से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ झारखंड प्रांत के शारीरिक प्रशिक्षण प्रमुख कुणाल जी ने बताया कि आज संध्या सुमन के शौर्य प्रदर्शन को देखकर मुझे झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई का स्मरण हो आया।
यज्ञाचार्य पंडित आशीष वैद्य ने कहा कि संध्या सुमन का शौर्य प्रदर्शन से सभी बालिकाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। संध्या सुमन का उचित मार्गदर्शन करते हुए नारी सशक्तिकरण को मूर्त रूप प्रदान करने का जो कार्य नीरज श्रीधर 'स्वर्गीय' के द्वारा किया जा रहा है वह सभी के लिए अनुकरणीय है।
सामाजिक कार्यकर्ता सोनू सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में समस्त मातृशक्तियों के अंदर विभिन्न गुणों के साथ-साथ शौर्य का भाव भी निश्चित रूप से जागृत रहना चाहिए। यह भारतवर्ष वीरांगनाओं की भूमि रही है।
गढ़वा जिला परिषद् (पूर्वी) सदस्या अमृतांजलि दुबे ने कहा कि संध्या सुमन के शौर्य प्रदर्शन को देख कर मुझे यह विश्वास हो गया है कि आने वाले समय में सभी नारियों के अन्दर सोयी हुई वीरांगना पूर्णतः जागृत और सक्षम हो जाएंगी।
संध्या सुमन ने कहा कि मेरा यही प्रयास रहता है कि माँ भगवती की कृपा से सभी बालिकाओं में अदम्य साहस और वीरता का भाव जगे। मेरे अंदर की सोई हुई वीरांगना को अपने मार्गदर्शन से जागने का कार्य मेरे गुरु नीरज श्रीधर 'स्वर्गीय' ने किया है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के झारखंड प्रांत के बौद्धिक प्रशिक्षण प्रमुख ज्वाला तिवारी, प्रभा शंकर दुबे, अमोद कुमार सिन्हा सहित सैंकड़ों सनातनी स्त्री-पुरुष उपस्थित रहे।