कांडी (गढ़वा) : सदर एसडीएम संजय कुमार ने सोमवार को कांडी क्षेत्र के भ्रमण के दौरान एक गैर पंजीकृत पैथोलॉजी केंद्र पर कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया। दरअसल, भ्रमण के दौरान उन्हें "केजीएन पैथोलॉजी" नामक एक संदिग्ध जांच केंद्र दिखाई दिया। संदेह के आधार पर एसडीएम ने मौके पर ही प्राथमिक जांच की, जिसमें पाया गया कि उक्त पैथोलॉजी का जिला स्तर पर कोई पंजीकरण नहीं है।
जब जांच केंद्र संचालक से कागजात मांगे गए और सिविल सर्जन गढ़वा से संपर्क कर स्थिति स्पष्ट की गई, तब इसकी पुष्टि हुई कि केंद्र बिना किसी वैध अनुमति के संचालित हो रहा है। इसके बाद एसडीएम ने केंद्र को तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्देश देते हुए उस पर ताला लगवा दिया।
एसडीएम ने संचालक को सख्त निर्देश दिया कि जब तक विधिवत पंजीकरण नहीं हो जाता, तब तक केंद्र का संचालन नहीं किया जाएगा। उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। साथ ही सिविल सर्जन को भी उक्त पैथोलॉजी केंद्र के विरुद्ध नियम अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।