गढ़वा : सोमवार की शाम गढ़वा शहर के इंदिरा गांधी रोड पर एक युवक को गोली मार दी गई। घायल युवक का नाम राजा कुमार केशरी(20 वर्ष) है, जो इंदिरा गांधी मोहल्ले का रहने वाला है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजा कुमार अपनी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान मोहल्ले के ही मुन्नू केशरी वहां आया और अचानक गोली चला दी। गोली युवक के पेट में लगी। आसपास के लोगों ने तुरंत उसे गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत गंभीर है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। घटना के बाद बाजार में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई और कई दुकानें बंद हो गईं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। थाना प्रभारी बृज कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।