गढ़वा : ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ थीम पर सुदूर क्षेत्रों तक फैला आयोजन
11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 172 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा गढ़वा जिले में व्यापक स्तर पर सामूहिक योग अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन न केवल मुख्यालय स्तर पर बल्कि जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों जैसे बूढ़ा पहाड़, पुंदाग बेहराटोली, कुल्ही, मंडल और करमडीह तक किया गया।
इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ रही, जिसे ध्यान में रखते हुए योग के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य की महत्ता को उजागर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान द्वितीय कमान अधिकारी श्री अमरेन्द्र कुमार सिंह ने अधिकारियों और जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि योग सिर्फ एक व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलित और अनुशासित जीवन की कुंजी है।
इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी श्री कुलदीप कुमार, सहायक कमांडेंट श्री अमित किशोर, अन्य अधीनस्थ अधिकारी और बड़ी संख्या में जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यह आयोजन न केवल स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रयास था, बल्कि यह संदेश भी दिया गया कि सुदूर क्षेत्रों में तैनात सुरक्षा बल भी योग के महत्व को समझते हुए उसे अपनाते हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से योग के प्रति जनजागरूकता फैलाने और फिट इंडिया अभियान को आगे बढ़ाने में 172 बटालियन की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही।