गढ़वा : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के संगठनात्मक सत्र 2025–2028 के चुनाव को लेकर गढ़वा जिला कार्यालय, अशोक विहार में महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश नेतृत्व द्वारा नियुक्त गढ़वा जिला निर्वाचन पदाधिकारी (DRO) मोहम्मद शेख खुर्शीद खान एवं सहायक जिला निर्वाचन पदाधिकारी (ADRO) मोहम्मद सैफुल्लाह खान का आगमन हुआ। राजद जिला अध्यक्ष सूरज सिंह ने पुष्प गुच्छ भेंट कर दोनों पदाधिकारियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
बैठक में आगामी संगठनात्मक चुनाव की रूपरेखा पर चर्चा की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचन पदाधिकारी ने गढ़वा जिले के सभी 20 प्रखंडों के लिए प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी एवं सहायक प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारियों की घोषणा की।
जिला अध्यक्ष के चुनाव के लिए प्रदेश नेतृत्व द्वारा 5 जून से 11 जून के बीच की तिथि निर्धारित की गई है, इसी दौरान गढ़वा जिला अध्यक्ष का भी चुनाव संपन्न कराया जाएगा।
इस अवसर पर राजद के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष जमीरुद्दीन अंसारी, शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रामनाथ पासवान, जिला प्रधान महासचिव धर्मराज राम, वरीय उपाध्यक्ष डॉ. मुरली प्रसाद गुप्ता, उपाध्यक्ष राजेश्वर गुप्ता, महासचिव महेंद्र पाल, लाल मोहम्मद खान, सचिव विनोद यादव, मकसूद अंसारी, विनोद चंद्रवंशी, अताउर रहमान सहित बड़ी संख्या में प्रखंड अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्षाएं रूदा देवी, शांति देवी, सोनी देवी, नूरजहां खातून तथा अनुसूचित जाति के जिला अध्यक्ष मुकेश राम मौजूद थे।
पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता एवं समर्थकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऊर्जावान बना दिया। राजद जिला अध्यक्ष सूरज सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया और पारदर्शी तथा समयबद्ध चुनाव की सफलता की उम्मीद जताई।