गढ़वा : गढ़वा जिले की बेटी काजोल गुप्ता ने शिक्षा और संघर्ष की मिसाल पेश करते हुए बिहार सरकार के कृषि विभाग में प्रखंड उद्यान पदाधिकारी (BHO) के पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि से जिले सहित तेली साहू समाज में हर्ष और गर्व का वातावरण है।
सोनपुरवा, शिवढौड़ा निवासी काजोल गुप्ता श्री रामाकांत साह एवं श्रीमती मीना गुप्ता की सुपुत्री हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा R.K. पब्लिक स्कूल, सोनपुरवा से पूरी की और इंटरमीडिएट भी यहीं से उत्तीर्ण किया। इसके बाद काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU), वाराणसी से स्नातक की डिग्री प्राप्त की। उनके संघर्ष और कड़ी मेहनत का परिणाम है कि उन्होंने राज्य स्तरीय नियुक्ति प्रक्रिया में सफलता हासिल की।
19 मई 2025 को आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उपमुख्यमंत्री (कृषि) विजय कुमार सिन्हा की उपस्थिति में उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। इस मौके पर कृषि विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल और उद्यान निदेशक कल्पना कुमारी (भा.प्र.से.) भी मंच पर मौजूद रहीं।
अपनी सफलता पर काजोल गुप्ता ने कहा:
“मेरी सफलता का श्रेय मेरे माता-पिता और शिक्षकों को जाता है। उनके मार्गदर्शन और समर्थन के बिना यह संभव नहीं था।”
तेली साहू समाज, गढ़वा की ओर से काजोल को हार्दिक बधाई दी गई है। समाज के जिलाध्यक्ष मनीष गुप्ता, महामंत्री मनोज गुप्ता, वरिष्ठ सदस्य प्रदीप कुमार, समाजसेवी मनोज शाह एवं रानी गुप्ता ने बधाई देते हुए कहा:
“काजोल की सफलता समाज की बेटियों के लिए प्रेरणा है।
काजोल की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार को गौरवान्वित किया है, बल्कि पूरे गढ़वा जिले को शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाई दी है।