गढ़वा : झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की सरकार के खिलाफ भाजपा ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रितेश चौबे ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि गांव-गांव में शराब दुकान खोलकर सरकार झारखंड को बर्बाद कर रही है।
रितेश चौबे ने कहा कि जिन गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क व्यवस्था सुदृढ़ होनी चाहिए थी, वहां झामुमो सरकार शराब की दुकानें खोल रही है। इसका सीधा असर राज्य के युवाओं पर पड़ रहा है, जिन्हें सरकार नशे की दलदल में ढकेल रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि झामुमो सरकार विकास नहीं, बल्कि राज्य का विनाश कर रही है।
छात्र-युवाओं के भविष्य से खिलवाड़
रितेश चौबे ने कहा कि झामुमो सरकार राज्य के छात्र-युवाओं को तकनीकी शिक्षा से नहीं जोड़ रही है, जिससे उनका आत्मनिर्भर और विकसित होना संभव हो सके। “जब राज्य का युवा आगे बढ़ेगा, तभी झारखंड का विकास होगा,” उन्होंने कहा।
जनहित की उपेक्षा और फंड संकट का आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि झामुमो सरकार जनहित से जुड़े किसी भी कार्य में रुचि नहीं ले रही है।
पेंशन और बुनियादी सुविधाओं पर सवाल
चौबे ने वृद्धा, विधवा और विकलांग पेंशनधारियों की स्थिति को अत्यंत दयनीय बताया और कहा कि कई महीनों से उन्हें पेंशन नहीं मिल रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना में बालू की किल्लत, बिजली व्यवस्था की चरमराती स्थिति और जनता की परेशानी पर भी चिंता जताई।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं किया, तो भाजपा कार्यकर्ता जनहित में सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इस मौके पर भाजपा नेता संजय जायसवाल, नवीन जायसवाल सहित कई अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।