गढ़वा : गढ़वा जिले के लिए गर्व की बात है कि यहां के खेल प्रशासक शैलेंद्र पाठक को खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के लिए साइक्लिंग स्पर्धा के कंपटीशन मैनेजर (CM) के रूप में मनोनीत किया गया है। यह प्रतिष्ठित खेल आयोजन 5 मई 2025 से पटना (बिहार) में भारत सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित किया जा रहा है।
साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा की गई इस नियुक्ति के तहत श्री पाठक रोड और ट्रैक साइक्लिंग इवेंट्स की जिम्मेदारी संभालेंगे। यह पहली बार है जब गढ़वा (झारखंड) के किसी खेल प्रशासक को इतनी महत्वपूर्ण भूमिका दी गई है।
श्री पाठक वर्ष 2002 से गढ़वा में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने में सक्रिय रूप से जुटे हैं।
इस उपलब्धि पर श्री पाठक को सांसद विजय हसदा, उपायुक्त शेखर जमुआर, पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार पांडे, झारखंड ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. मधु कांत पाठक, खेल निदेशक संदीप कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों और खेल संगठनों ने बधाई दी है।
गढ़वा जिला साइकलिंग संघ के सचिव अरविंद दुबे ने यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह न सिर्फ श्री पाठक की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि गढ़वा जिले के खेल जगत के लिए भी एक प्रेरणास्पद क्षण है।