गढ़वा : बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय परिसर में 21 अप्रैल 2025 को आयोजित होने वाले परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम नि:शुल्क सामूहिक विवाह समारोह के पूर्वाभ्यास स्वरूप शुक्रवार, 11 अप्रैल को वनांचल एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा गुरुपद संभव सभागार में 51 वर-वधू जोड़ों को वस्त्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त पशुपति नाथ मिश्रा थे। उनके आगमन के साथ अघोरेश्वर भगवान राम जी की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
स्वागत भाषण में ट्रस्ट के अध्यक्ष सह कुलाधिपति माननीय दिनेश प्रसाद सिंह ने कहा कि ट्रस्ट अपनी स्थापना काल से समाज के उत्थान के लिए लगातार नि:शुल्क सेवाएं दे रहा है।
कुलपति प्रो. एम.के. सिंह ने ट्रस्ट की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि यह सेवाभाव समाज के गरीब और वंचित वर्ग के लिए एक प्रेरणास्रोत है।
मुख्य अतिथि पशुपति नाथ मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि समाज सेवा के कार्यों में लगी संस्थाओं को हमेशा ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम करने चाहिए। उन्होंने विवाह समिति के अध्यक्ष श्री दिनेश प्रसाद सिंह, उपाध्यक्ष श्री रंजीत कुमार सिंह सहित समस्त समिति सदस्यों को धन्यवाद दिया।
वस्त्र वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत सभी जोड़ों को विवाह में आवश्यक वस्त्र और सामग्री प्रदान की गई।