गढ़वा : अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने स्टूडेंट क्लब गढ़वा एवं जय देवी संघ टंडवा को चैती छठ पर्व के दौरान दानरो नदी घाट पर श्रेष्ठ प्रबंधन और सामाजिक समन्वय के लिए सम्मानित किया। शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में उन्होंने स्टूडेंट क्लब के संरक्षक विनोद जायसवाल, अध्यक्ष नमन केसरी और जय देवी संघ के संरक्षक टिंकू गुप्ता को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया।
एसडीएम ने कहा कि विनोद जायसवाल का दानरो नदी तट पर आयोजित हर धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम में सतत योगदान रहता है। वे प्रशासनिक नियमों के पालन में भी आमजन को प्रेरित करते हैं। इसी तरह नमन केसरी और टिंकू गुप्ता का भी छठ पर्व आयोजन में उल्लेखनीय योगदान रहा है।
उन्होंने फ्रेंड्स क्लब की भूमिका की भी प्रशंसा की और बताया कि इस बार छठ पर्व के दौरान खतरनाक डीजे का उपयोग नहीं किया गया, जिसमें सामाजिक संगठनों की सकारात्मक भूमिका सराहनीय रही।
एसडीएम संजय कुमार ने रामनवमी और चैत्र नवरात्रि के अवसर पर गढ़वा अनुमंडल क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं सभी धार्मिक-सामाजिक संगठनों को शुभकामनाएं भी दीं।