गढ़वा : होली के उत्साह में हमें अपनी त्वचा और आंखों की सुरक्षा को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। डॉ. अमित कुमार ने बताया कि केमिकल युक्त रंगों से आंखों और त्वचा को गंभीर नुकसान हो सकता है, इसलिए हर्बल (प्राकृतिक) रंगों का प्रयोग करना सबसे सुरक्षित उपाय है।
उन्होंने सुझाव दिया कि होली खेलने से पहले आंखों और चेहरे के चारों ओर नारियल का तेल या कोल्ड क्रीम लगानी चाहिए, जिससे जलन से बचाव हो सके। आंखों को सुरक्षित रखने के लिए चश्मा पहनना एक कारगर तरीका है।
विशेष रूप से, जो लोग कॉन्टैक्ट लेंस का उपयोग करते हैं, उन्हें होली खेलने से पहले लेंस निकाल देना चाहिए, क्योंकि रंग आंखों और लेंस के बीच फंसकर गंभीर परेशानी पैदा कर सकता है।
डॉ. अमित कुमार के अनुसार, यदि रंग आंखों में चला जाए, तो तुरंत साफ पानी से धोना चाहिए और जलन या खुजली महसूस होने पर डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए।