गढ़वा : गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में जलापूर्ति सेवा महीनों से ठप रहने और अन्य शहरी समस्याओं को लेकर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष उमेश कश्यप के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पलामू सांसद विष्णुदयाल राम को मांग पत्र सौंपा।
मांग पत्र में नगर परिषद क्षेत्र के दीपुवा मुहल्ला, कचहरी रोड, सहिजना रोड और साई मुहल्ला में जलापूर्ति सेवा को अविलंब बहाल करने की मांग की गई। जल संकट के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा, अंचल कार्यालय में माल बंधी, म्यूटेशन, रसीद कटवाने और ऑनलाइन प्रक्रियाओं में हो रही देरी को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। समय पर काम न होने के कारण नागरिकों को बार-बार दफ्तरों का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
चिनिया रोड पर चल रहे धीमी गति के सड़क निर्माण कार्य को भी प्रमुख मुद्दा बनाया गया। निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण नागरिकों को धूल-मिट्टी की समस्या झेलनी पड़ रही है। विशेष रूप से स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को आने-जाने में कठिनाई हो रही है।
मंडल अध्यक्ष उमेश कश्यप ने सांसद को नगर परिषद क्षेत्र की अन्य समस्याओं से भी अवगत कराया। सांसद विष्णुदयाल राम ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर भाजपा नेता संतोष कश्यप, बूथ अध्यक्ष अमर गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।