गढ़वा : शहर के कल्याणपुर स्थित आर.पी. नर्सिंग कॉलेज में भारत के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर आर.पी. एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट के निदेशक डॉ. पातंजली केशरी और कॉलेज के प्राचार्य मनु जेम्स सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निदेशक डॉ. पातंजली केशरी ने कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद न केवल भारत के प्रथम राष्ट्रपति थे, बल्कि वे महान स्वतंत्रता सेनानी भी थे। उन्होंने 10 वर्षों तक राष्ट्रपति पद को सुशोभित किया और सादा जीवन, उच्च विचार को अपने आचरण में अपनाया।
कॉलेज के प्राचार्य मनु जेम्स ने कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद एक दयालु और परोपकारी व्यक्ति थे। उन्होंने 1914 में बिहार और बंगाल में आई भीषण बाढ़ के दौरान पीड़ितों की सहायता की। नमक सत्याग्रह के दौरान बिहार की कमान संभाली और भारत छोड़ो आंदोलन में सक्रिय भाग लिया। वे लगातार दो बार भारत के राष्ट्रपति चुने गए और भारत सरकार ने उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' से सम्मानित किया।
इस अवसर पर डॉ. आदित्य प्रकाश, प्रद्युम्न कुमार, अभिलाषा भारती, बबीता श्रीवास्तव, सचिन कुमार, दीपक शर्मा, राजेश विश्वकर्मा, राहुल कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। सभी ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने भाग लिया।