रंका : पिछले दस माह से शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक संबंध बना रहे आरोपी के द्वारा शादी से इंकार किए जाने के बाद पीड़िता के आवेदन पर रंका पुलिस ने आरोपी को शनिवार के देर शाम उसके घर से गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया है।
इस बाबत अवर निरीक्षक कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि रंका थाना क्षेत्र के मानपुर गांव की पीड़िता ने, चैनपुर थाना क्षेत्र के नेउरा गांव निवासी इनामुल अंसारी के पुत्र आजाद अंसारी पर, पिछले दस माह से शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाते हुए, शादी से इंकार किए जाने संबंधी आवेदन देकर न्याय किए जाने की गुहार लगाई है। आवेदन के आलोक में आरोपी को शनिवार की देर शाम उसके घर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
वहीं इस संबंध में पीड़िता के परिजन ने बताया कि आरोपी मोहम्मद आजाद का मानपुर गांव में रिश्तेदारी है। वह अक्सर यहां आया करता था। इसी क्रम में उसका पीड़िता से मेलजोल बढ़ा था दोनों घंटों बैठकर बातचीत किया करते थे।
वहीं पीड़िता ने बताया कि मोहम्मद आजाद अपने को अविवाहित बताकर जल्द निकाह करने का आश्वासन देते हुए शारीरिक संबंध बनाता रहा था। एक सप्ताह पूर्व उसके शादीशुदा होने की जानकारी मिली थी। बावजूद इसके चार दिन पूर्व आजाद ने अपने को अविवाहित बताकर शारिरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। मगर निकाह के लिए अड़ जाने पर भेद खुला तो शादी से इंकार कर दिया। बाद में न्याय के लिए रंका थाना में गुहार लगाई गई है।