गढ़वा : गढ़वा सदर प्रखंड के करुआ कला पंचायत के मुखिया नारद तिवारी ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उन पर 15 ज्ञात और 10 अज्ञात लोगों ने जानलेवा हमला किया। इस हमले में उनसे 13,000 रुपये नगदी लूट लिए गए और उनकी वेगनर कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
मुखिया नारद तिवारी ने गढ़वा थाना प्रभारी को दी गई शिकायत में बताया कि वह मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के बाद करुआ कला गांव से गढ़वा लौट रहे थे। इस दौरान तिलदाग मोड़ के पास शैलेश तिवारी और उनके पुत्र सौरभ तिवारी ने फायरिंग करते हुए उनकी कार को रोक लिया और उन पर हमला किया। इस हमले में उन्हें अंदरूनी चोटें आई हैं।
श्री तिवारी का आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने उनसे 13,000 रुपये नगदी लूट लिए।
Advertisement
उन्होंने हमले में शामिल 15 ज्ञात लोगों के नाम पुलिस को बताए हैं, जिनमें शैलेश तिवारी, सौरभ तिवारी, हेमंत तिवारी, विवेक तिवारी, हरिओम तिवारी, बिपिन बिहारी तिवारी, उज्जवल तिवारी, विकेश तिवारी, अरुण कुमार तिवारी, अभिषेक तिवारी, अर्जवन तिवारी, प्रिया रंजन तिवारी और अन्य शामिल हैं।
इस घटना के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता गढ़वा सदर थाना पहुंचे और इस जानलेवा हमले की कड़ी निंदा की। कार्यकर्ताओं ने पुलिस से हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। माना जा रहा है कि इस हमले के पीछे आज हुए चुनाव के दौरान मतदान को लेकर हुए विवाद का हाथ हो सकता है।