गढ़वा : भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), पलामू की टीम ने श्री बंशीधर नगर में राजकीय मध्य विद्यालय, नगर उंटारी के प्रभारी प्रधानाध्यापक अनिल कुमार विश्वकर्मा को 5000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। प्रधानाध्यापक पर आरोप था कि उन्होंने विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष से सितंबर माह के मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की राशि की निकासी के बदले रिश्वत मांगी थी।
एसएमसी अध्यक्ष ने एसीबी को शिकायत दी थी कि प्रधानाध्यापक अनिल कुमार विश्वकर्मा उनसे सितंबर माह के एमडीएम फंड की निकासी के लिए 5000 रुपये की मांग कर रहे हैं। आवेदन की सत्यता की पुष्टि एसीबी के पुलिस उपाधीक्षक ने की, जिसके बाद मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
30 अक्टूबर 2024 को एसीबी की टीम ने स्वतंत्र गवाहों और दंडाधिकारी की उपस्थिति में अनिल कुमार को रिश्वत की रकम लेते हुए गिरफ्तार किया। एसीबी ने उन्हें हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।