गढ़वा : विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को प्रेक्षक की उपस्थिति में प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की गई। इस प्रक्रिया में 3 निर्दलीय प्रत्याशियों का नामांकन विभिन्न कारणों से रद्द कर दिया गया, जिनमें अमितेश कुमार चौबे, राजनाथ उरांव और कुलदीप पासवान के नाम शामिल हैं। अब गढ़वा क्षेत्र में भाजपा के सत्येंद्रनाथ तिवारी, झामुमो के मिथिलेश कुमार ठाकुर और समाजवादी पार्टी के गिरिनाथ सिंह समेत कुल 22 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
बंशीधर नगर: स्क्रूटनी में 1 निर्दलीय प्रत्याशी का नामांकन रद्द, अब 17 उम्मीदवार मैदान में :
विधानसभा चुनाव के नामांकन प्रक्रिया के बाद सोमवार को स्क्रूटनी में एक निर्दलीय प्रत्याशी का नामांकन रद्द कर दिया गया।
सामान्य प्रेक्षक रितेंद्र नारायण बसु रॉय चौधरी और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में कुल 18 नामांकन पत्रों की जांच की गई। निर्दलीय प्रत्याशी महेश प्रसाद सिंह के नामांकन पत्र में आवश्यक कॉलम न भरे होने के कारण उनका नामांकन अस्वीकृत कर दिया गया। अब इस क्षेत्र में 10 राजनीतिक दलों के प्रत्याशी और 7 निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर है, जिसके बाद उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।