गढ़वा : गढ़वा जिला भाजपा के मंत्री और सांसद प्रतिनिधि चंदन जायसवाल ने अपने समर्थकों सहित भाजपा छोड़कर झारखंड मुक्ति मोर्चा का दामन थाम लिया। झामुमो में उन्हें शामिल कराने की औपचारिकता झारखंड सरकार के मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने पूरी की।
इस मौके पर मंत्री ठाकुर ने भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा अब लोकतांत्रिक नहीं रही, बल्कि व्यक्तिवादी पार्टी बन गई है। वहीं, चंदन जायसवाल ने अपने फैसले को लेकर कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं को केवल चुनाव के समय ही महत्व दिया जाता है, चुनाव के बाद उनकी उपेक्षा की जाती है। झामुमो में शामिल होने पर उन्होंने मंत्री ठाकुर के प्रति विश्वास जताया और कहा कि उनके नेतृत्व में गढ़वा का विकास हो रहा है और भविष्य में भी जारी रहेगा।