गढ़वा : गढ़वा जिला के मेराल थाना क्षेत्र के बंका गांव में दो युवकों को अवैध पिस्टल के साथ इंस्टाग्राम पर फोटो पोस्ट करने के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मेराल थाना प्रभारी विष्णु कांत ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवकों में रंजीत मिश्रा और आकाश पासवान शामिल हैं।
रंजीत मिश्रा ने इंस्टाग्राम पर पिस्टल लहराते हुए तस्वीर पोस्ट की थी, जिसके बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान रंजीत ने बताया कि यह पिस्टल गांव के ही आकाश पासवान का है। पुलिस ने आकाश को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर पिस्टल को उसके घर के बाथरूम से बरामद कर लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासन सतर्कता अभियान चला रहा है और सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि बरामद हथियार का इस्तेमाल चुनाव को प्रभावित करने के लिए किया जा सकता था, इसलिए यह एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। पुलिस ने दोनों युवकों को न्यायिक हिरासत में गढ़वा भेज दिया है।