गढ़वा : जिला मुख्यालय स्थित कृषि विभाग बाजार समिति प्रशासनिक उदासीनता का शिकार हो रहा है। पिछले तीन दिन से कृषि बाजार सचिव कार्यालय के सामने मरे हुए एक मवेशी का शव पड़ा है, जिससे बाजार समिति के व्यावसायियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आवारा कुत्ते मरे हुए मवेशी के मांस के टुकड़ों को इधर-उधर नोचकर फेंक रहे हैं, जिससे दुर्गंध फैल रही है। व्यापारियों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर परिषद और बाजार समिति के पदाधिकारियों को इस बारे में सूचना दी, लेकिन दोनों विभागों की उदासीनता के कारण समस्या का समाधान नहीं हुआ। इससे न केवल व्यापार प्रभावित हो रहा है, बल्कि व्यापारी और ग्राहक भी इस दुर्गंध से परेशान हैं।
बाजार समिति के सचिव राजीव कुमार ने इस मामले पर कहा कि उन्हें कृषि बाजार समिति में मवेशी के मरने की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि आज ही सभी यार्डों का निरीक्षण किया गया है। यदि ऐसी कोई घटना हुई है, तो मामले की जानकारी लेकर उसे हटाने का कार्य किया जाएगा।