कांडी : गढ़वा जिले के हरिहरपुर ओपी क्षेत्र के लोहरगड़ा ग्राम में गुरुवार को दिल दहलाने वाली घटना घटी, जब 12 वर्षीय अंकुश कुमार चौधरी और उसकी 10 वर्षीय बहन खुशबू कुमारी की सोन नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना शाम करीब 4:00 बजे की है, जब दोनों भाई-बहन नदी में नहाने गए थे। ग्रामीणों के अनुसार, नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने के कारण दोनों डूब गए।
पास ही में मौजूद गांव के कुछ लोगों ने दोनों को डूबते देखा और तुरंत गांव वालों को सूचित किया। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने उन्हें नदी से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए कांडी के अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टर शब्बीर कुमार सिन्हा ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
Advertisement
शवों को आगे की कार्रवाई के लिए सदर अस्पताल, गढ़वा भेजा गया।
मृतक भाई-बहन अपने माता-पिता के इकलौते संतान थे। उनके पिता उपेंद्र चौधरी बाहर प्लांट में मजदूरी करते हैं, जबकि घटना के वक्त मां भी घर पर नहीं थीं। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।