गढ़वा : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त गढ़वा के निर्देशानुसार आगामी विधानसभा चुनाव आम निर्वाचन 2024 के निमित्त जिले के सभी पीठासीन पदाधिकारी, प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय मतदान पदाधिकारियों का प्रथम चरण का प्रशिक्षण मंगलवार को राजकीयकृत गोविंद प्लस टू उच्च विद्यालय गढ़वा में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रथम पाली में डंडई और रंका प्रखंड के शिक्षक, सहायक अध्यापक, प्रखंड, अंचल एवं अन्य विभागों के कर्मियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया, जबकि द्वितीय पाली में चिनियां, रमकंडा और भंडरिया के शिक्षक, सहायक अध्यापक एवं अन्य विभागों के कर्मियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण में मतदान कर्मियों को उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
मास्टर ट्रेनरों द्वारा वोटिंग कंपार्टमेंट बनाने, BU, CU और VVPAT को कनेक्ट करने, मॉक पोल की प्रक्रिया, मशीनों की सीलिंग और मतदान प्रारंभ एवं समाप्ति की पूरी प्रक्रिया को प्रोजेक्टर के माध्यम से समझाया गया। साथ ही, चुनाव आयोग द्वारा जारी विभिन्न ऐप जैसे मतदाता सेवा पोर्टल, मतदाता हेल्पलाइन ऐप, सक्षम ऐप और सी-विजिल ऐप के उपयोग के बारे में जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया में संभावित आम गलतियों, इवीएम में संभावित त्रुटियों और मतदान के बाद की प्रक्रिया जैसे सीयू के क्लोज बटन के उपयोग को भी समझाया गया। इस अवसर पर जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर धर्मेंद्र कुमार, देवेंद्र नाथ उपाध्याय, शांतनु चौबे, राजेश कुमार चौबे, नंदू चौबे, जगन्नाथ राम, नितिन कुमार तिवारी, बलदेव कुमार मिश्रा, सीडी सिंह, प्रेम तिवारी, बृजभूषण पांडे, सतीश चौबे, विवेकानंद पांडे और सुनील कुमार विश्वकर्मा सहित अन्य मास्टर प्रशिक्षक उपस्थित थे।